logo

पलामू में बीते 10 दिन में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, ओझा का दिया भभूत तेल में मिलाकर खा रहे थे

palamu9.jpg

पलामू

झारखंड के पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पिछले दस दिनों के भीतर परिवार के सदस्यों की एक-एक कर मौत होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल परिवार के दो अन्य सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है।

राज्य सरकार ने मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का लिया निर्णय

शुरूआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार द्वारा लंबे समय से उपयोग किए जा रहे खाद्य तेल में किसी प्रकार की मिलावट या अन्य जहरीले तत्व की मौजूदगी हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का निर्णय लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, खाद्य सामग्री के नमूनों और अन्य चिकित्सीय परीक्षणों के आधार पर मौत की वजह का पता लगाया जाएगा। विशेषज्ञों की टीम पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से जांच करेगी।

जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दोनों मरीजों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं प्रभावित गांव में मेडिकल टीम भेजकर अन्य लोगों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें किसी जहरीले पदार्थ, खाद्य सामग्री में मिलावट या किसी अन्य कारण से हुई हैं। फिलहाल प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रहा है।

परिवार में इनकी हुई मौत 
परिवार में लगातार हुई मौतों के बाद अब केवल दो सदस्य जीवित बचे हैं। परिवार के मुखिया कृषक मंत्री का 19 जून, उनकी पत्नी का 20 जून तथा नाबालिग बेटी का 26 जून को निधन हो गया था। वहीं गंभीर रूप से बीमार लक्ष्मी देवी (52) और उनके 20 वर्षीय पुत्र नरेश मंत्री का इलाज पूरा होने के बाद सोमवार को उन्हें गांव स्थित उनके घर भेज दिया गया। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रवण कुमार महतो ने बताया कि चिकित्सकों ने लगातार प्रयास कर मरीजों का उपचार किया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ।

Tags - Palamu NewsJharkhand NewsMedical Board InvestigationFood SafetyMysterious Deaths