logo

राहुल सिंह गैंग के चार गुर्गे गिरफ्तार, रंगदारी के लिए गोलीबारी की साजिश नाकाम

palamu_p.jpg

पलामू 

पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो 9 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां, एक खाली मैगजीन तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार अपराधी सड़क निर्माण करा रही डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप एवं वर्कशॉप पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी IPS दिव्याश शुक्ला के नेतृत्व में हैदरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थल पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उनका उद्देश्य रंगदारी वसूलना

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल सिंह गिरोह के निर्देश पर डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के वर्कशॉप परिसर में गोलीबारी कर कंपनी प्रबंधन में भय का माहौल बनाना चाहते थे। उनका उद्देश्य रंगदारी वसूलना तथा सड़क निर्माण कार्य को बाधित करना था। पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा पूर्व में भी कंपनी प्रबंधन पर दबाव बनाने और रंगदारी मांगने का प्रयास किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह (29 वर्ष), संतोष राम (26 वर्ष), मधुकांत प्रजापति (20 वर्ष) और बिक्रम राम (24 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी लातेहार जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। इस मामले में हैदरनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही राहुल सिंह गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके वित्तीय नेटवर्क और संगठित आपराधिक गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ चंदवा थाना में आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

Tags - Palamu Police Rahul Singh Gang Four Gang Members Arrested Illegal Weapons Seized Palamu SP