जामताड़ा:
जामताड़ा पुलिस ने SBI YONO अपडेट के नाम पर ठगी करने वाले 4 शातिर साइबर अपराधियों को वारदात को अंजाम देते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस की टीम ने करमाटांड़ थानाक्षेत्र के सकलपुर-गोपालपुर पक्की सड़क के पास स्थित पलास जंगल और झाड़ियों में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस ने 25 वर्षीय फारुख अंसारी, 30 वर्षीय शमशुद्दीन अंसारी, 22 वर्षीय जानी बाबू, 24 वर्षीय कलीम अंसारी को पकड़ा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 10 सिमकार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद किया है।

अंतर्राज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के बैंक ग्राहकों को अपना शिकार बनाता था। अपराधी झांसा देकर ग्राहकों से कहते थे कि उनका 'SBI YONO APP' बंद होने वाला है या उसे तुरंत अपडेट करने की आवश्यकता है। झांसे में लेने के बाद वॉट्सऐप या स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स के जरिए पीड़ितों के मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा ली जाती थी। इसके जरिए अपराधी यूजरनेम और पासवर्ड हासिल कर लेते थे और फिर पीड़ित के फोन पर आया ओटीपी (OTP) डालकर सीधे नेट बैंकिंग से खाते की पूरी रकम उड़ा लेते थे।

इन धाराओं में अपराधियों की गिरफ्तारी
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 53/26 के तहत बी.एन.एस. (BNS) 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने किया, जिसमें पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित साइबर थाना और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।