द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
बोकारो जिले के कसमार प्रखंड स्थित जानकुदर गांव की पूर्व मुखिया भानू वाला देवी उर्फ गुड़िया देवी (42) के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। टांगटोना पंचायत की पूर्व मुखिया गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर से कसमार स्थित एसबीआई बैंक जाने की बात कहकर ऑटो से निकली थीं। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों के मुताबिक, वह न तो बैंक पहुंचीं और न ही घर वापस लौटीं। काफी खोजबीन के बाद परिवार ने कसमार पुलिस को इसकी सूचना दी। पूर्व मुखिया के पति संतोष कुमार ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बाहर रह रहे हैं। बुधवार को उनकी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी और उस समय सबकुछ सामान्य था। अगले दिन उनके लापता होने की जानकारी मिली।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात
संतोष कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में उनके अचानक लापता होने से परिवार के लोग काफी चिंतित हैं। परिजन लगातार अपने स्तर से उनकी तलाश कर रहे हैं और आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। परिवार का कहना है कि यदि किसी को गुड़िया देवी के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस या उनके परिजनों को दें, ताकि उन्हें जल्द खोजा जा सके।

पुलिस ने सभी थानों को दी सूचना
मामले की जानकारी मिलने के बाद कसमार पुलिस भी उनकी तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जिले के सभी थानों को पूर्व मुखिया के लापता होने की जानकारी भेज दी गई है। उनकी तस्वीर और गुमशुदगी से जुड़ी सूचना सोशल मीडिया पर भी प्रसारित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके। पुलिस उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के साथ ही लापता होने के कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल गुड़िया देवी का पता नहीं चल पाया है।