रांची
पाकुड़ से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन पर झारखंड भाजपा के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। साथ ही नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उनके निधन पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जनसंघ काल से संगठन की विचारधारा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले, पाकुड़ से भाजपा के पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इनका निधन झारखंड की राजनीति जगत के लिए बड़ी क्षति है।
.jpeg)
जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पाकुड़ के पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन के समाचार से मन व्यथित है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाजसेवा, जनकल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उनका निधन सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। राष्ट्रवाद, संगठन और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। शोक प्रकट करने वालों में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह सहित अन्य नेताओं ने बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
