logo

आजसू पार्टी में शामिल हुए पूर्व IAS ब्रजमोहन, सुदेश महतो ने किया स्वागत

a572.jpeg

रांची:

पूर्व आईएएस अधिकारी ब्रजमोहन कुमार और आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद सोनू सिंह अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने पटका पहनाकर और फूल-मालाओं के साथ उनका पार्टी में स्वागत किया। बता दें कि ब्रज मोहन बिहार अभियंत्रण सेवा में रहते हुए जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता के पद पर रहे। भारतीय प्रशासनिक सेवा में सचिव स्तर के अधिकारी रहते हुए एमडी झारखंड आवास बोर्ड, विशेष सचिव उच्च शिक्षा, प्रशासक स्वर्णरेखा परियोजना, कमिश्नर (कोल्हान) रहे हैं।

सुदेश महतो ने किया पूर्व आईएएस का स्वागत
सुदेश महतो ने कहा कि ब्रजमोहन कुमार के लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ पार्टी और राज्य को मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास केवल राजनीतिक अनुभव व्यक्ति या चुनाव जीतकर आया नेता ही करेगा, यह पुरानी अवधारणा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सेक्टर में अनुभवी लोग राजनीति में आएं तो झारखंड की बेहतरी के लिए काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह नई सोच और नए नेतृत्व के आगे आने का समय है। जो भी हकदार है, उसे भागीदार बनाएंगे। 

आजसू ज्वॉइन कर क्या बोले ब्रजमोहन कुमार
पार्टी ज्वॉइन करने के बाद पूर्व आईएएस ब्रजमोहन कुमार ने कहा कि सुदेश महतो के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर मैं आजसू में शामिल हुआ। हमेशा से समाजसेवा की इच्छा थी। सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति से जुड़कर जनहित में काम करने के लिए आजसू पार्टी बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी में झारखंड का विकास निहित है। 

आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोग
रांची स्थित सुदेश महतो के आवासीय कार्यालय में आयोजित इस मिलन समारोह में पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, रविशंकर मौर्य, रांची महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा, बंटी यादव, सुनील यादव और वीरेंद्र यादव मौजूद रहे।