logo

पड़हा राजा स्व सोमा मुंडा के गांव पहुंचे चंपाई सोरेन, कहा- राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त

chanpai010.jpg

खूंटी
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन आज खूंटी जिले के हुटार स्थित चलागी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पड़हा राजा स्व. सोमा मुंडा की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया। इस दौरान उन्होंने दिवंगत पड़हा राजा की धर्मपत्नी एवं परिजनों से बातचीत कर हत्या के संभावित कारणों पर चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्व. सोमा मुंडा के परिवार द्वारा संचालित निर्माणाधीन स्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्व. सोमा मुंडा एक समर्पित समाजसेवी थे, जिन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का माध्यम बनाया। नगड़ी आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण आदिवासी और मूलवासी किसानों की जमीन सुरक्षित रह सकी।


मीडिया से बातचीत में चम्पाई सोरेन ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब समाज के अगुआ और मार्गदर्शक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो अपराधियों का मनोबल बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने इसे राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि स्व. सोमा मुंडा द्वारा शुरू किए गए स्कूल को पूरा करवाने में वे सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे समाजसेवियों का योगदान झारखंड के सामाजिक इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा।

Tags - Champai Soren Khunti News Jharkhand Law and Order Soma Munda Tribal Leadership