logo

पूर्व CM चंपाई सोरेन ने जमींदोज भवन के पीड़ितों से की मुलाकात, कहा- मैं इंसाफ दिलाऊंगा

79779.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया स्थित टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टायो आवासीय सेक्टर के फ्लैट गिरने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने संज्ञान लिया। मंगलवार की दोपहर चंपाई सोरेन ने फ्लैट में रह रहे लोगों से मुलाकात की। साथ ही घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान सरायकेला विधायक ने टाटा स्टील प्रबंधन से पीड़ितों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया है। बताया जा रहा है कि चंपाई सोरेन ने टाटा प्रबंधन से फोन पर बात कर मजदूरों को नया फ्लैट उपलब्ध कराने की मांग की है। इससे पहले प्रभावित लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी पीड़ा बयां की और इंसाफ दिलाने की मांग की। 
जर्जर फ्लैट हुआ जमींदोज
जानकारी हो कि टायो कंपनी बंद होने के बाद मजदूरों को उनका फाइनल सेटलमेंट अबतक नहीं मिला है। यह मामला न्यायालय में लंबित है। मजदूर कंपनी के ही फ्लैट में रह रहे थे, जो काफी जर्जर हो चुका था। मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 9 साल से फ्लैट का मेंटेनेंस नहीं हुआ था। इस कारण सोमवार को 16 फ्लैट एक साथ जमींदोज हो गये। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में किसी इंसानी जान की क्षति नहीं हुई। लेकिन मजदूरों का सामान मलबे में दब गया। 
मजदूरों को मिलेगा इंसाफ
इस स्थिति में पूर्व मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया है कि सभी को उचित मुआवजा और फ्लैट आवंटित कराया जायेगा। मौके पर मौजूद गम्हरिया अंचल अधिकारी को पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रभावित मजदूरों को फौरन राहत पहुंचाने का निर्देश दिया। इस दौरान टाटा प्रबंधन के साथ बुधवार को बातचीत तय हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भरोसा जताया कि प्रबंधन के साथ वार्ता कर बीच का रास्ता निकाला जाएगा। साथ ही मजदूरों को इंसाफ मिलेगा।

Tags - Former CM Champai Soren Victims Tata Steel Workers Justice Jharkhand News Latest News Breaking News