रांची/जमशेदपुर
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य संबंधी कुछ जटिलताओं के कारण मंगलवार देर रात परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। चंपाई सोरेन का हालचाल जानने के लिए ओडिशा के राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया पर अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि स्वास्थ्य संबंधी कुछ जटिलताओं के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अब वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर लोगों के बीच लौटेंगे। चंपाई सोरेन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।