logo

झारखंड स्तरीय मयरा (मैरा) मोदक समाज महासम्मेलन में 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन, रांची जाकर सौपेगा ज्ञापन

झारखंड स्तरीय मयरा (मैरा) मोदक समाज महासम्मेलन में 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन, रांची जाकर सौपेगा ज्ञापन

बोरियो/साहिबगंज:

झारखंड स्तरीय मयरा (मैरा) मोदक समाज महासम्मेलन का आयोजन गुरुवार (22 अक्टूबर 2026) साहिबगंज जिला के बोरियो प्रखंड अंतर्गत शिबू सोरेन जनजातीय डिग्री कॉलेज में किया गया। महासम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं समाज के जागरूक सदस्यों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य झारसेवा पोर्टल पर मयरा (मैरा) मोदक जाति से संबंधित विसंगतियों के निराकरण, जाति प्रमाण-पत्र प्राप्त बनने के बाद नाम के विसंगति के चलते आ रही कठिनाइयों तथा समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक चर्चा कर आगे की रणनीति तैयार करना था।

महासम्मेलन में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन
महासम्मेलन में झारसेवा पोर्टल पर मयरा (मैरा) मोदक जाति से संबंधित विसंगतियों तथा जाति प्रमाण-पत्र निर्गत कराने में पात्र आवेदकों को हो रही परेशानियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस समस्या के समाधान के लिए 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल के चयन के लिए 10 सदस्यों के नाम प्रस्तावित किए गए, जिनमें से 5 सदस्यों का चयन किया जाएगा। यह प्रतिनिधिमंडल रांची जाकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के सचिव, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, संबंधित मंत्रालयों,  केंद्र स्तर तक मुलाकात करेगा और समाज की ओर से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा।

ज्ञापन के जरिए विभाग के सामने रखी जाएगी ये मांगें
ज्ञापन के माध्यम से विभाग से अनुरोध किया जाएगा कि मयरा (मैरा) मोदक जाति से संबंधित विसंगतियों की उपलब्ध सरकारी अभिलेखों एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि पात्र समाजबंधुओं को जाति प्रमाण-पत्र प्राप्त होने के बाद अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। महासम्मेलन में यह भी संकल्प लिया गया कि इस विषय के समाधान के लिए संबंधित विभाग के समक्ष शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से प्रयास जारी रखे जाएंगे।

समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती पर जोर
महासम्मेलन में समाज की एकता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि समाज की समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयास, जागरूकता और संगठित पहल के माध्यम से ही प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। कार्यक्रम में युवाओं से लेकर वरिष्ठ सदस्यों तक की सहभागिता ने समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और सहयोग की भावना को प्रदर्शित किया। महासम्मेलन ने समाज के सदस्यों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, विचार-विमर्श और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने का अवसर प्रदान किया।

महासम्मेलन में इन गणमान्य लोगों ने की शिरकत
महासम्मेलन में मयरा/मोदक समाज कल्याण संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष विदेश दान, केंद्रीय सचिव विपिन दान तथा केंद्रीय संयुक्त सचिव फिरोज दत्ता, रमाशंकर विराट केंद्र प्रवक्ता, गोकुल बिहार सेन, पंकज रुज, सुकुमार सेन, रवींद्रनाथ दे की उपस्थिति रही। अतिथियों ने समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
 

Tags - Jharkhand NewsMayra Modak CommunityMayra Modak ConventionSahibganj News