द फॉलोअप डेस्क
सारंडा वन प्रमंडल क्षेत्र अंतर्गत झारखंड ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 शिलपट लकड़ियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने लगातार दो दिनों तक तस्करों की गतिविधियों पर नजर बनाई हुई थी। वहीं सारंडा डीएफओ एवं संबंधित रेंजर के नेतृत्व में झारखंड वन विभाग की एक टीम गठित कर छापेमारी की है वहीं संयुक्त टीम में सारंडा के समता वन प्रक्षेत्र, किरीबुरू, गुवा एवं मनोहरपुर के वनकर्मी शामिल थे। टीम ने सोमवार से ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की और मंगलवार देर रात कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध रूप से बेची जा रही लकड़ियों को बरामद किया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला सारंडा के समता रेंज से लगभग 60 किमी की दूरी पर ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र स्थित नयागांव वन ग्राम-2 का है, जहां तस्कर लकड़ियों को छिपाकर बिक्री की तैयारी में थे। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गये है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी किया जा रहा हैं। वहीं जल्द ही इस मामले में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिलती रही हैं। इस बड़ी कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है और वन विभाग ने आगे भी सघन जांच व छापेमारी अभियान जारी रखने की बात कही है।
