logo

गुमला : खाद्य सुरक्षा विभाग का चलाया जांच अभियान, कई दुकानों से सैंपल संग्रह, जुर्माना और चेतावनी जारी

झारखंड2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता ने किया। निरीक्षण चैनपुर बस स्टैंड, एमएलए रोड और कुरुमगढ़ रोड स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में किया गया।

निरीक्षण के क्रम में महावीर होटल से रसगुल्ला, अजीत जनेरल स्टोर से मधुसूदन घी, विनीत किराना स्टोर से आधुनिक हल्दी पाउडर, विशाल किराना स्टोर से सुपर फ्रेश हल्दी पाउडर तथा धाना होटल से लड्डू के सैंपल एकत्र किए गए, जिन्हें जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि एक्सपायरी उत्पाद न बेचें, सभी खाद्य सामग्री पर स्पष्ट लेबलिंग करें, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराएं, होटल/रेस्टोरेंट स्टाफ द्वारा एप्रोन, ग्लव्स और हेडगियर पहनना अनिवार्य करें तथा सभी कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण समय-समय पर कराएं।
एफएसएसएआई अधिनियम 2006 का उल्लंघन, स्वच्छता में कमी और बिना लाइसेंस संचालन के कारण अनिल बड़ा को 2000 रुपये, अंशु अभिषेक बड़ा को 1000 रुपये, अजीत जनेरल स्टोर को 5000 रुपये, अनुराग होटल को 5000 रुपये तथा विनीत किराना स्टोर को 2000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
खाद्य सुरक्षा अभियान के साथ-साथ कोटपा अधिनियम (COTPA Act) के अंतर्गत भी एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान में निषेध सलाहकार श्रीमती वंदना स्मिता होरो एवं कंप्यूटर ऑपरेटर प्रियांशु कुमार शामिल रहे। अभियान के तहत स्कूल परिसरों से 100 मीटर की परिधि में आने वाले सभी दुकानों की छानबीन की गई। निरीक्षण के दौरान टोंगो स्कूल के पास स्थित तारा देवी, सुमन मिंज, अनिल बड़ा और अंशु अभिषेक बड़ा को तंबाकू युक्त उत्पाद बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। इन सभी दुकानदारों को तंबाकू उत्पाद न बेचने की सख्त चेतावनी दी गई तथा कोटपा अधिनियम के अंतर्गत उचित जुर्माना भी लगाया गया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सुरक्षा एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना संबंधित विभाग को दें।


 

Tags - Gumla Updates latest Gumla Updates latest jharkhnd News jharkhand Updates latest jharkhand Updates latest Guml;a News Gumla News Updates latest jharkhand News Jharkhand Updtes