जामताड़ा:
जामताड़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित मतदान केंद्र संख्या-243 की मतदाता प्रारूप सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। यहां एक ही मकान के पते पर 54 मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं। खास बात यह है कि सूची में हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदायों से जुड़े मतदाताओं के नाम शामिल हैं। मामला सामने आने के बाद मतदाता सूची की शुद्धता और प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।

डीसी ने लिया संज्ञान, विशेष कमेटी गठित
मामला उजागर होने के बाद जामताड़ा के डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया है। मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। डीसी ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है, तो जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)
मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट
प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भी भेज दी गई है। अब जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
.jpeg)
ग्राउंड रिपोर्ट के बाद हरकत में आया प्रशासन
उल्लेखनीय है कि 'फॉलोअप' की टीम ने शुक्रवार को ग्राउंड रिपोर्टिंग कर मतदान केंद्र संख्या-243 की मतदाता प्रारूप सूची में सामने आई इस गड़बड़ी को उजागर किया था। इसके बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। वहीं, भाजपा ने भी प्रेस वार्ता कर मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। अब प्रशासन की ओर से जांच कमेटी गठित किए जाने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।