logo

द फॉलोअप इम्पैक्टः ब्रेन ट्यूमर से जूझ रहे जीत को मदद मिलेगी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया

रााू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका के आठ वर्षीय जीत महतो की गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की खबर द फॉलोअप पर चलने के बाद बड़ा असर हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लेते हुए दुमका उपायुक्त को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जीत महतो के इलाज के लिए गंभीर बीमारी समेत संबंधित सरकारी योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए और इसकी जानकारी सरकार को दी जाए। दुमका जिले के मसलिया प्रखंड की सापचाला लखीबाद पंचायत निवासी आठ वर्षीय जीत महतो (यादव) इस समय तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में भर्ती है। जांच में उसके ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने परिवार को स्पष्ट बताया है कि बच्चे की जान बचाने के लिए जल्द ऑपरेशन कराना जरूरी है, जिसके लिए करीब पांच लाख रुपये की आवश्यकता है। जीत के पिता निर्मल महतो दिहाड़ी मजदूर हैं और इतनी बड़ी राशि जुटा पाने में पूरी तरह असमर्थ हैं।

 


मई से बिगड़ रही थी तबीयत, अब ऑपरेशन ही एकमात्र विकल्प
परिजनों के अनुसार, 22 मई को जीत को अचानक उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी। शुरुआती इलाज पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कराया गया, लेकिन 24 जून को उसकी तबीयत फिर गंभीर हो गई। इसके बाद उसे वेल्लोर के सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में ब्रेन ट्यूमर का पता चला। डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी की सलाह दी है। आर्थिक तंगी के कारण इलाज प्रभावित हो रहा था, जिसके बाद परिवार ने सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।


परिवार को अब सरकारी सहायता की उम्मीद

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद परिवार को अब सरकारी मदद मिलने की उम्मीद जगी है। दुमका जिला प्रशासन को मामले की जांच कर गंभीर बीमारी सहित अन्य सरकारी योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने को कहा गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन कितनी जल्द प्रक्रिया पूरी कर इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराता है।

Tags - Follow Up Hemant Soren Dumka Health Jharkhand