logo

IITF 2025 : भारत मंडपम में आयोजित व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए फोकस स्टेट झारखंड को मिला स्वर्ण पदक

ddaa.jpg

द फॉलोअप डेस्क
44वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2025 में फोकस स्टेट झारखंड को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए  स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार से झारखंड पैवेलियन पूरे मेले का प्रमुख आकर्षण बन गया। यह सम्मान झारखंड की नवाचार क्षमता, सांस्कृतिक विविधता और अद्भुत प्रस्तुति कौशल का प्रतीक है, जिसने आगंतुकों और निर्णायकों दोनों का दिल जीता। यह उपलब्धि झारखंड के प्रयासों, कौशल और उत्कृष्ट प्रस्तुति का मजबूत प्रमाण है और राज्य के लिए गौरव का क्षण प्रस्तुत करती है। फोकस स्टेट झारखंड ने अपनी विशिष्ट थीम, विविध उत्पादों, नवाचारपूर्ण सज्जा और आकर्षक लाइव डेमो के माध्यम से आगंतुकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा।

गुरुवार को देश के सबसे बड़े व्यापार प्रदर्शनी आयोजन IITF 2025 का भारत मंडपम में भव्य समापन हुआ। इस वर्ष फोकस स्टेट झारखंड ने अपनी विशिष्ट थीम, विविध उत्पादों, नवाचारपूर्ण सज्जा और आकर्षक लाइव डेमो के माध्यम से आगंतुकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा। मेले के अंतिम दिन झारखंड पैवेलियन में भारी भीड़ उमड़ी, जहां दर्शकों ने कला, संस्कृति, उद्योग और तकनीक का जीवंत संगम देखा और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी का भरपूर आनंद लिया।इस वर्ष झारखंड पैवेलियन के स्टॉल ऑपरेटरों ने अपने उत्कृष्ट उत्पादों और सेवाओं से दर्शकों को विशेष अनुभव प्रदान किया। करियातपुर ब्रास, झारक्राफ्ट, तसर उत्पाद, हस्तशिल्प, बांस शिल्प, फ्यूज़न ज्वेलरी, आदिवासी हस्तनिर्मित उत्पादों सहित कई स्टॉल पर पूरे मेले के दौरान शानदार बिक्री हुई। अंतिम दिन आकर्षक छूट और ऑफरों के चलते खरीदारों की कतारें लगी रहीं। 

पैवेलियन में झारखंड सरकार के लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल में दर्शकों ने जानकारी

दर्शकों ने झारखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उद्योग विभाग, पर्यटन विभाग, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, रांची स्मार्ट सिटी, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, माइंस एंड जियोलॉजी, मुख्यमंत्री लघु उद्योग विभाग और माटीकला बोर्ड सहित अन्य स्टॉल पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान के व्यापक उपयोग ने खरीदारी को और भी सुगम बनाया। इस वर्ष के सफल आयोजन ने झारखंड के उद्यम विकास, पर्यटन संभावनाओं, कला-संस्कृति और नवाचार की नई पहचान स्थापित की है। झारखंड पवेलियन ने न केवल दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि व्यापारियों और निवेशकों के लिए नए अवसर भी प्रस्तुत किए।

Tags - Bharat Mandapam Trade Fair Jharkhand Outstanding Performance Gold Medal Focus State Category