द फॉलोअप डेस्क
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ (FJCCI) द्वारा “3E - Employment, Empowerment & Economic Growth in the Garment Sector” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन चैम्बर भवन, रांची में किया गया। यह कार्यशाला महिला उद्यमी उप-समिति (Women Entrepreneur Sub-Committee) की समन्वयक आस्था किरण के नेतृत्व में आयोजित की गई तथा कार्यक्रम का संचालन जे.आर.जी.ए. फाउंडेशन के अध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य झारखंड को देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग एवं प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करने के साझा मिशन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।
कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने रोजगार सृजन, महिला उद्यमिता विकास और ग्रामीण कौशल संवर्धन के माध्यम से वस्त्र निर्माण क्षेत्र में नए अवसरों पर चर्चा की। डॉ. शिप्रा, कार्यक्रम संयोजक (Event Convener), जे.आर.जी.ए. फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सफलतापूर्वक और प्रभावशाली रूप से किया गया।
कार्यशाला के दौरान जे.आर.जी.ए. फाउंडेशन की T.A.P.E. (टाई एंड डाई, एक्सेसरीज़, प्रिंटिंग एवं एम्ब्रॉयडरी) मॉडल की विशेष प्रस्तुति दी गई, जो महिला सशक्तिकरण, कारीगरों और MSME इकाइयों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ “मेड इन झारखंड” ब्रांड को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल है। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं के रूप में हरनाम सिंह नमधारी, डॉ. सीमा सिंह एवं आस्था किरण ने कौशल विकास, नवाचार और औद्योगिक प्रगति पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर एफ.जे.सी.सी.आई. के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने जे.आर.जी.ए. फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चैम्बर हमेशा ऐसे प्रयासों को समर्थन देता रहेगा, जो झारखंड में रोजगार और औद्योगिक विकास को नई दिशा दें। कार्यक्रम के अंत में उद्योग संगठनों, सरकारी विभागों और व्यापारिक संघों के बीच समन्वय को और सशक्त करने तथा झारखंड को एक सशक्त वस्त्र एवं परिधान उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया गया। एफ.जे.सी.सी.आई. ने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में भी जे.आर.जी.ए. फाउंडेशन के इस मिशन को निरंतर सहयोग प्रदान करेगा ताकि झारखंड को भारत का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग एवं प्रोडक्शन हब बनाया जा सके।
