द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिला में एक मुर्गी की मौत का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। वर्ष 2021 में हुई इस घटना की जांच अब 2026 में शुरू की गई है। मामला तरहसी थाना क्षेत्र के कसियाडीह गांव का है, जहां गांव के मुखिया और उनके बटाइदार पर मुर्गी की हत्या और मारपीट का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में कसियाडीह गांव में अंधविश्वास को लेकर एक महिला के साथ मारपीट की घटना हुई थी। पीड़िता ने पड़ोस में रहने वाली तीन महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच उस समय शुरू की गई थी।

बताया जाता है कि मारपीट की घटना से पहले गांव के मुखिया ने दोनों पक्षों के बीच पंचायत कर समझौते का प्रयास किया था। आरोप है कि पीड़ित महिला की मुर्गी मुखिया के खेत में चली गई थी और वहीं उसकी मौत हो गई। इसके बाद मुर्गी के मालिक ने मुखिया और उनके बटाइदार पर हत्या और मारपीट का आरोप लगाया।
.jpeg)
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के समय आरोपियों ने मुर्गी की मौत को भूत-प्रेत से जोड़ते हुए अंधविश्वास की बात कही थी। उन्होंने यह भी कथित रूप से कहा था कि वे मुर्गी खा लेंगे और जुर्माना देने को तैयार हैं। हालांकि, पीड़ित पक्ष ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए मामले की शिकायत दर्ज करा दी। अब 2026 में तरहसी थाना पुलिस ने इस पूरे प्रकरण की दोबारा जांच शुरू कर दी है। पाटन के इंस्पेक्टर सुरेश मंडल ने बताया कि मुर्गी की मौत और मारपीट से संबंधित शिकायत दर्ज है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण वर्ष 2021 में अंधविश्वास के कारण हुई मारपीट की घटना से जुड़ा हुआ है।