द फॉलोअप डेस्क
पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर से 25 अप्रैल 2025 को अपहृत बगोदर के श्रमिकों का सुराग नहीं मिल सका है। श्रमिकों का सुराग नहीं मिलने से दुर्गा पूजा के खुशी के मौके पर भी सभी परिवारों में मायूसी है और काफी परेशान हाल है। वही अपहृत परिजन राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार से गुहार लगा चुके हैं। अपहृत परिवार कभी जिला अधिकारी, विधायक, सांसद, मंत्री और राज्यपाल से मिलकर रिहाई के लिए गुहार लगा चुके हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस मामले को लेकर विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर से मुलाकात कर विशेष ध्यान देने का अनुरोध कर चुकी है।

बताते चले कि पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर में 25 अप्रैल 2025 को कल्पतरु ट्रांसमिशन कंपनी के कैंप पर सशस्त्र अपराधियों ने हमला किया था। हमले में 12 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी। इसके बाद गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो पंचायत के संजय महतो, चंद्रिका महतो, राजू महतो, फलजीत महतो और मुंडरो के उत्तम महतो को अगवा कर लिया गया था। इधर प्रवासी मजदूरों के लिए काम करने वाले सिकन्दर अली का कहना है कि पांच माह बीत जाने के बावजूद अगवा हुए मजदूरों का कुछ भी पता नहीं चल सका है। आखिर उनका क्या हुआ यह तो सरकार को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन परिवार को उचित सहयोग भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसी स्थिति में सरकार से अपील करना चाहता हूँ कि सभी मजदूरों की रिहाई करवाई जाए और परिवार वालों को आर्थिक सहयोग कराई जाए।
