logo

गुमला : एडमिट कार्ड नहीं आने से 8वीं के 5 बच्चे परीक्षा देने से वंचित, अभिभावकों ने लगाया लापरवाही का आरोप

nbjkdnry.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के सिसई प्रखंड क्षेत्र के मुर्गू पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय टंगरा टोली में आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के परीक्षा से वंचित होने का मामला सामने आया है। इस घटना से छात्रों और उनके अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों और छात्रों के अनुसार विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्र दुर्गा उरांव, करीना कुमारी, सुशांति कुमारी, सविता कुमारी और खुशबू कुमारी आठवीं की परीक्षा देने से वंचित रह गए। छात्रों ने बताया कि जब वे राज्य सरकार द्वारा आयोजित आठवीं की परीक्षा देने स्कूल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका एडमिट कार्ड ही जारी नहीं हुआ है। इस संबंध में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका दुर्गावती कुमारी ने बताया कि छात्रों का फॉर्म भरा गया था, लेकिन किसी कारणवश वह रिजेक्ट हो गया। हालांकि, फॉर्म रिजेक्ट होने के कारणों की जानकारी उन्हें नहीं है।
वहीं बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस वजह से बच्चों का एक साल बर्बाद हो गया। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में जब प्रधानाध्यापिका दुर्गावती कुमारी से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की आठवीं की परीक्षा नहीं हो पाई है, उनके लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।

 

Tags - Gumla district education news Murgu Panchayat school news Government upgraded middle school Tangra Toli Class 8 exam issue Jharkhand Students deprived of exam Jharkhand Admit card not issued school exam Jharkhand class 8 board exam news Sisai Gumla