logo

आदित्यपुर में रंगदारी मांगने के आरोप में पांच गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

आदित्यपुर में रंगदारी मांगने के आरोप में पांच गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

सरायकेला
Seraikela-Kharsawan:
सरायकेला-खरसावां;जिले  में रंगदारी के एक मामले में आदित्यपुर थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार पंडित, शिवा कुमार, आकाश सिंह, जुलू माली और मुकेश केवट के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

घटना की पूरी जानकारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप प्रगति नगर, वार्ड संख्या सात निवासी विकास पोद्दार ने रंगदारी मांगने को लेकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 308/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानलेवा हमले की सूचना पर भी जांच
मामले में पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी में नामजद राहुल पंडित और उसके चार साथियों ने बुधवार शाम करीब आठ बजे सालडीह चौक के पास खुद पर और अपने दोस्तों पर जानलेवा हमला होने की सूचना दी थी। हालांकि, पुलिस द्वारा सूचना का सत्यापन किए जाने पर प्रारंभिक जांच में यह सूचना कथित तौर पर रंगदारी के मामले से बचने के उद्देश्य से दी गई झूठी सूचना पाई गई।

राहुल पंडित पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, राहुल पंडित करीब दस दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ कई मामलों में आरोपपत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं। फिलहाल, रंगदारी के मामले में गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Adityapur NewsExtortion ArrestSeraikela CrimeJharkhand PoliceJamshedpur Crime