logo

गोड्डा में नाबालिग से गैंगरेप के 5 आरोपी गिरफ्तार, जंगल में वारदात को दिया था अंजाम

गोड्डा में नाबालिग से गैंगरेप के 5 आरोपी गिरफ्तार, जंगल में वारदात को दिया था अंजाम

महागामा/गोड्डा:

Jharkhand News: झारखंड के गोड्डा जिले (Godda District) के महागामा थानाक्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape of a Minor) के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस (Mahagama Police) ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़िता से छीना गया चांदी का चेन भी बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDO) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात की है। पाकुड़ जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की अपनी मौसी के घर आई हुई थी। 

जियाजोरी जंगल में नाबालिग से गैंगरेप
बताया गया कि वह उर्जानगर मेला घूमने के बाद अपने 2 रिश्तेदारों के साथ वापस मौसी के घर लौट रही थी। इसी दौरान जियाजोरी जंगल के समीप 5-6 व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया और उसके गले से चांदी की चेन छीन ली गई। घटना के संबंध में महागामा थाना कांड संख्या दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा-6 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी शुरू की गई।

आरोपियों ने वारदात में संलिप्तता मान ली
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्तता के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय मोहसीन अंसारी, 27 साल के मोहम्मद जहर अंसारी, 19 वर्षीय अवाज अंसारी, 19 वर्षीय मोहम्मद मोतीम अंसारी और 20 वर्षीय मोहम्मद परवेज अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मोहसिन अंसारी के घर से पीड़िता का चांदी का चेन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
 

Tags - Jharkhand NewsGodda NewsCrime NewsGangrapeGodda Police News