logo

जामताड़ा : डेम घाट पर मछुआरों को मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

ue.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के पंजानिया पंचायत के बिरगांव श्यामपुर स्थित डेम घाट पर  उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ मछुआरों ने पानी में एक युवक का बहता हुआ शव देखा। यह घटना श्यामपुर के पीछे स्थित डेम घाट पर हुई, जहां अक्सर डेम का पानी आसपास के मैदानों तक फैल जाता है।

शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कहीं और हुई और वह पानी के बहाव में यहां तक पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार, शव को सबसे पहले  स्थानीय मछुआरों ने देखा जो उस समय डेम घाट पर मछली पकड़ रहे थे। उन्होंने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद जामताड़ा थाना को सूचित किया गया।

रात करीब 9:00 बजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नाव के माध्यम से शव को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव के शरीर पर चोट या किसी अन्य तरह के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर भी संशय बना हुआ है।

अकबर अंसारी ने बताया कि उन्हें मछुआरों से डेम घाट पर शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को सूचित किया। मौके पर मौजूद ग्रामीण शहाबुद्दीन अंसारी ने बताया कि शव को रात के अंधेरे में ग्रामीणों की मदद से नाव से बाहर निकाला गया और पुलिस को सौंपा गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मृतक की पहचान शीघ्र की जाए और उसकी मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाए।

फिलहाल, जामताड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand latest update jharkhand khabar jamtara news jamtara latest news