द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में हत्या का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां उलडंडा के बागी गांव पाचोपड़वा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को पहले तो डंडे से जमकर पीटा, उसके बाद उसकी गर्दन मरोड़कर हत्या कर दी। आरोपी का नाम विपन बताया जा रहा है। 
मृतका की पहचान सुनीता देवी के रूप में की गई है, जिसने सोमवार की रात शराब सेवन कर रखा था। शराब पीने के बाद उसकी हालत ख़राब हो गई, जिसके बाद गांव की एक महिला ने उसे उसके घर तक पहुँचाया। जब सुनीता घर पहुंची तो उसके हाथ में शराब की बोतल थी जिसे देख उसका पति विपन भुईयां गुस्सा हो गया। और दोनों में विवाद हो गया। इसी विवाद में विपन ने पहले तो सुनीता को जमकर पीटा और उसके बाद उसकी गर्दन मरोड़कर हत्या कर दी। 
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विपन को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि महिला के शरीर में हल्दी का लेप लगाया गया था। रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने जानाकरी देते हुए बताया कि शराब के नशे में हत्या की गई है। वहीं शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव वालों ने बताया कि मृतका के तीन बच्चे भी है जिसमें एक की शादी हो चुकी है।