logo

हज यात्रियों का पहला जत्था रांची से कोलकाता के लिए रवाना, 01 जून को जाएंगे मदीना

0618.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हज 2023 के सफर का आगाज हो गया। झारखंड से हज यात्रा पर जाने वाले आजमीन-ए-हज का पहला जत्था सोमवार को रांची रेलवे स्टेशन से कोलकाता के लिए रवाना हुआ। राजधानी में एम्बार्केशन प्वाइंट अचानक से हटा दिए जाने के कारण झारखंड के यात्रियों को कोलकाता से मदीना के लिए रवाना होना पड़ेगा। झारखंड के हज यात्रियों का पहला जत्था कोलकाता से 01 जून को रवाना होगा। इसके तहत सोमवार की सुबह 5.40 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से झारखंड के हज यात्रियों को रवाना करने के लिए हज कमेटी के चेयरमैन विधायक इरफान अंसारी अपनी टीम के साथ रांची रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर हाजियों को रवाना किया। इस दौरान झारखंड राज्य हज समिति के सदस्य मौलाना तहजीबुल हसन, सदस्य मौलाना मुनीर अंसारी, सदस्य मो. इकबाल, युवा झारखंड के संरक्षक अर्शे आलम, सचिव अरशद क़ुरैशी, अल्पसंख्यक कांग्रेस के वारिस कुरैशी, मो. फ़िरोज़ अहमद व कौसर परवीन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

भावुक आंखों से अपनों को दी विदाई
हज के पाक सफर में जाने वालों को छोड़ने के लिए परिजन सुबह 4 बजे से ही रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे ट्रेन के छूटने का समय करीब आया वैसे-वैसे प्लेटफॉर्म संख्या-3 में भीड़ में इजाफा होने लगा। लोग पाक सफर में जाने वाले यात्रियों से मिलकर अपने लिए दुआ की दरख्वास्त करते दिखे। वहीं, परिजनों की आंखें भी नम थी। भावुक होकर लोग अपनों को विदा कर रहे थे।

हज यात्रियों के लिए जोड़ी गई अलग बोगी

रांची हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस से राज्य सरकार द्वारा हज यात्रियों के लिए कोलकाता जाने की व्यवस्था की गई है। दरअसल, अचानक से एम्बार्केशन प्वाइंट हटाए जाने से यात्री परेशान थे। हालांकि, हज कमेटी ने पहल की। तय हुआ कि सरकार अपने खर्च से यात्रियों कोलकाता भेजेगीइसके लिए हटिया-हावड़ा ट्रेन में अलग बोगी लगाई गई। वहीं, कोलकाता से लाने का खर्च भी यात्रियों को नहीं देना होगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N