logo

कांके के सुकुरहुट्टू  में घर में घुसकर फायरिंग,बाल-बाल बचे शिव महतो

फ़ाइरिंग_इमेज_न्यू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुट्टू गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो अपराधियों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में घर के मालिक शिव महतो बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार शिव महतो अपने घर में मौजूद थे, तभी दो अपराधी अचानक घर में घुस आए और उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से दो खाली खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इधर इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन विवाद और आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। कुछ लोगों ने कांके थाना की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं और जमीन कारोबारियों से साठगांठ के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि जमीन विवाद से जुड़े मामले में एक आदिवासी महिला ने झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका भी दायर की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की तलाश जारी है।