रांची
राजधानी रांची के डोरंडा इलाके के धोबी मोहल्ला में अचानक हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी और घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

अपराधियों का निशाना कौन था
फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग किस वजह से की गई और अपराधियों का निशाना कौन था। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद डोरंडा क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही फायरिंग की वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
.jpeg)