द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों की बेखौफ हरकत साफ दिखाई दे रही है। घटना सुबह करीब 6:55 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो बदमाश सपन दास के घर के पास पहुंचे और खिड़की की ओर निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि उस समय घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायरिंग के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दो युवक पैदल थे, जबकि एक अन्य युवक स्कूटी पर सवार होकर उनका साथ दे रहा था। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।