गोड्डा
गोड्डा जिले के पौड़याहाट थाना क्षेत्र में 18 जून को पोडैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम भगत पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शातिर अपराधी अंकित यादव, नयन यादव और अमरकांत गिरी उर्फ कारु शामिल है। मुखिया अनुपम कुमार के लिखित आवेदन पर अंकित यादव और दो अन्य के खिलाफ पोडैयाहाट थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए, गोड्डा के पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार ने पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
.jpg)
शैलेंद्र भगत हत्याकांड में गवाही दी थी
एसआईटी ने त्वरित अनुसंधान और छापेमारी करते हुए इस मामले में संलिप्त तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने कबूलनामे में बताया कि उन्होंने अनुपम कुमार भगत पर हमला इसलिए किया क्योंकि उन्होंने पूर्व में हुए शैलेंद्र भगत हत्याकांड में गवाही दी थी। उन्होंने योजना बनाकर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पिस्टल से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों के द्वारा दिए गए बयान के आधार पर, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल, चार चक्र गोली, एक अवैध देशी कट्टा, एक चक्र गोली, एक बोलेरो और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

कई बार जेल जा चुके
इस मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित यादव, नयन कुमार यादव दोनों आपस में भाई है पिता जय कृष्ण यादव उर्फ रिंकू यादव, ग्राम द्रोपद राजापुर, थाना-पोडैयाहाट और अमरकांत गिरी उर्फ कारु, पिता रूपल गिरी, ग्राम तेतरिया टिकर, थाना-पोडैयाहाट जिला गोड्डा के रूप में हुई है। इस मामले की जानकारी देते हुए गोड्डा के हेडक्वार्टर डीएसपी जेपीएन चौधरी ने बताया कि अंकित यादव और नयन यादव शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले भी कई हत्या और रंगदारी के मामले दर्ज हैं और वे कई बार जेल जा चुके हैं।