logo

नक्सलवाद : लातेहार -पलामू सीमा पर JJMP और TSPC उग्रवादियों के बीच करीब आधे घंटे तक फायरिंग

latehar.jpg

लातेहार:

तमाम रोक-थाम और पुलिसिया प्रयास के बावजूद उग्रवादी घटनाएं झारखंड में थमने का नाम नहीं ले रही हैं। टटका मामला लातेहार -पलामू सीमा पर स्थित डोंकी गांव के पास का है। झारखंड जनमुक्ति परिषद (JJMP) और तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (TSPC) के बीच फायरिंग की सूचना है। लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि पुलिस की ओर से जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उसी दौरान उग्रवादियों में लगभग 20 मिनट तक फायरिंग होने का पता चला था। मनिका थाना पुलिस घटनास्थल की ओर रवाना हो गई है।

 

ग्रामीणों के मुताबिक दोनों उग्रवादी संगठनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई काफी दिनों से चल रही है. जेजेएमपी और टीएसपीसी एक दूसरे के प्रतिद्वंद्वी उग्रवादी संगठन मानते हैं और एरिया में दबदबे के लिए एक दूसरे पर हमला करते रहते हैं।

 

बता दें कि मनिका थाना क्षेत्र का इलाका उग्रवादियों की गढ़ रहा है। यहां जेजेएमपी और टीएसपीसी दोनों संगठन आमने-सामने की ताकत में हैं। पुलिस ने भले 20 मिनट की बात कही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग आधे घंटे तक हुई है। JJMP के दस्ते की अगुवाई गणेश लोहरा तो TSPC का नेतृत्व गोविंद कर रहा था। अचानक दोनों प्रतिद्वंद्वी संगठन के सदस्य आमने-सामने आ गए। फायरिंग के बाद दोनों विपरीत दिशा में भाग गए।