logo

NTPC पकरी बरवाडीह में ट्रांसपोर्ट व्हीकल पर फायरिंग, प्रिंस खान के नाम का पर्चा छोड़ा

NTPC पकरी बरवाडीह में ट्रांसपोर्ट व्हीकल पर फायरिंग, प्रिंस खान के नाम का पर्चा छोड़ा

हजारीबाग 
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित NTPC की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने कोयला ढुलाई को निशाना बनाते हुए हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना तेरह माइल से करीब 200 मीटर से आगे रात के 11 बजे हुई। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कोयला परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। चालकों के अनुसार, तीन अपराधी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही दो हाईवा वाहन वहां पहुंचे, अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चालकों और पुलिस के मुताबिक करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं। इसके बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए और दहशत फैलाकर मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से मिला 'प्रिंस खान K.S.S.' का पर्चा
फायरिंग स्थल से पुलिस को 'प्रिंस खान K.S.S.' लिखा एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद एक बार फिर कोयला ढुलाई की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में 22 अप्रैल 2026 को भी अपराधियों ने दिनदहाड़े एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही वारदातों से ट्रांसपोर्टरों और चालकों में दहशत का माहौल है। परियोजना प्रबंधन ने घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ छापेमारी अभियान भी तेज कर दिया है। 
ऑडियो जारी कर 'प्रिंस खान' ने किया बड़ा दावा
घटना के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। 'प्रिंस खान' के नाम से जारी एक ऑडियो में पुलिस के दावों को खारिज करते हुए कहा गया है कि मौके पर 40 राउंड फायरिंग करवाई गई और पांच हाईवा वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। ऑडियो में यह भी दावा किया गया कि घटनास्थल पर आठ पर्चे छोड़े गए थे। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और इस घटना का असर कोयला ढुलाई पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

Tags - Hazaribagh NTPC Pakri Barwadih Barkagaon Jharkhand Crime Breaking News