logo

पाकुड़ में टला बड़ा हादसा, घर के आंगन में गिरा आग लगी 11000 वोल्ट बिजली तार, ग्रामीणों में दहशत

p_bijli.JPG

पाकुड़ 
पाकुड़ में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल पाकुड़-हिरणपुर मुख्य सड़क किनारे स्थित शहरकोल क्षेत्र में गुरुवार को 11000 वोल्ट के बिजली तार में अचानक आग लग गई और तार टूटकर एक घर के आंगन में गिर गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को लाइन शिफ्ट करने या तारों पर सुरक्षा कवर लगाने की मांग की है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई। हालांकि, कुछ समय बाद जब लाइन दोबारा चालू की गई, तो उसी तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों में और अधिक भय फैल गया।

कार्यपालक अभियंता से मिला असंतोषजनक जवाब

घटनास्थल के आसपास लगभग 500 घर स्थित हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार अनुरोध के बावजूद न तो लाइन को शिफ्ट किया गया और न ही आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए। इस मामले पर जब द फॉलोऑफ ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से संपर्क किया तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि “घर बनने से पहले ही 11000 वोल्ट की लाइन वहां मौजूद थी, अब हम क्या कर सकते हैं।” इधर, ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस खतरनाक बिजली लाइन को नहीं हटाया गया या सुरक्षित नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

Tags - Electricity department negligence Pakur incident electrical fire public safety concern