logo

बोकारो थर्मल स्टेशन पर कोयले से लदी मालगाड़ी की बोगी में लगी आग

बोकारो थर्मल स्टेशन पर कोयले से लदी मालगाड़ी की बोगी में लगी आग

बोकारो: 
Bokaro News:
बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी धुएं और आग की लपटों के बीच स्टेशन पहुंची। मालगाड़ी की पांच बोगियों से धुआं निकल रहा था, जबकि एक बोगी से आग की लपटें उठ रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने तत्काल मालगाड़ी को रुकवाया। इसके बाद डीवीसी की सीआइएसएफ फायर यूनिट ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

जारंगडीह साइडिंग से नबीनगर जा रही थी मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, कथारा एरिया के जारंगडीह रेलवे साइडिंग से कोयला लेकर एक मालगाड़ी बिहार के नबीनगर स्थित एनटीपीसी के सुपर थर्मल पावर प्लांट (एनपीजीसी) जा रही थी। रविवार सुबह करीब छह बजे जब मालगाड़ी बोकारो थर्मल स्टेशन पहुंची, तो उसकी पांच बोगियों से धुआं निकलता दिखाई दिया। इनमें से एक बोगी में आग की लपटें भी उठ रही थीं।

स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से तत्काल रोकी गई ट्रेन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन अधीक्षक शैलेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए मालगाड़ी को प्लेटफार्म संख्या एक पर ही रुकवा दिया। उन्होंने तत्काल डीवीसी सीआइएसएफ फायर यूनिट को सूचना दी। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और फायर टीम को स्थिति से अवगत कराया।

ओएचई पावर बंद कर बुझाई गई आग
सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन का ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) पावर बंद कराया गया। इसके बाद दमकल टीम ने बोगी में सुलग रहे कोयले पर पानी डालकर आग बुझाई। टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया।

कोल स्टॉक में पहले से आग लगने की जताई जा रही आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि कथारा कोलियरी के कोल स्टॉक में पहले से आग लगी हुई थी। संभव है कि उसी सुलगते कोयले को मालगाड़ी में लोड कर दिया गया हो। रास्ते में हवा मिलने के कारण कोयले में आग और भड़क गई तथा बोकारो थर्मल स्टेशन पहुंचने तक एक बोगी से लपटें उठने लगीं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 

Tags - Bokaro Thermal NewsCoal Train FireDVC CISF Fire UnitJharkhand NewsNTPC Nabinagar