द फॉलोअप डेस्क
रांची के फिरायलाल पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का उद्देश्य छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence – AI) के बढ़ते महत्व और इसके माध्यम से उपलब्ध कैरियर संभावनाओं के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य नीरज कुमार सिन्हा और उप-प्राचार्या हनीत मुंजाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट (UEM), जयपुर से पधारे विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. बिस्वजॉय (कुलपति) एवं प्रो. डॉ. राजीव गांगुली (प्रोफेसर एवं डीन, विज्ञान संकाय) उपस्थित थे।
सत्र का संचालन डॉ. चटर्जी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लघु एवं प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्यों आवश्यक है और यह किस प्रकार शिक्षा, उद्योग, चिकित्सा और तकनीकी क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “एआई नौकरियाँ नहीं छीनता, बल्कि बेहतर अवसरों का मार्ग खोलता है आवश्यकता है कि विद्यार्थी खुद को एआई विशेषज्ञ के रूप में तैयार करें।”
इसके पश्चात डॉ. राजीव गांगुली ने विद्यार्थियों को प्रेरक विचारों से संबोधित किया। उन्होंने सफलता प्राप्त करने के लिए दृढ़ निश्चय, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व पर बल दिया। साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न अकादमिक और व्यावसायिक कार्यक्रमों के वीडियो भी प्रदर्शित किए, जिससे विद्यार्थियों को UEM जयपुर के जीवंत शैक्षणिक वातावरण की झलक मिली। कार्यक्रम का कुशल संचालन शाइनी सिंह एवं ध्रुव नारायण साहा ने किया, जबकि ऋचा घोष ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। इसमें उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में दक्षता प्राप्त करना सफलता की एक महत्वपूर्ण कुंजी होगी।
