logo

जमशेदपुर DD पब के बाहर चाकूबाजी मामले में भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 10 पर FIR, जांच शुरू

JAMSEDPURT_HASKHAUSD.jpg

जमशेदपुर 
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (DD) पब एंड बार में हुई मारपीट और बाहर हुई चाकूबाजी की घटना अब तूल पकड़ चुका है। मामले में पुलिस ने भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 10 नामजद के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला आदित्यपुर निवासी अरविंद सिंह के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जानें कौन-कौन है आरोपी
मामले में जिन लोगों को नामजद बनाया गया है, उनमें बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह, सह मालिक विजय कुमार के अलावा सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार और लखन मार्डी शामिल हैं। एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है। बता दें कि घटना शनिवार देर रात की है, जब डबल डाउन बार के अंदर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मामला छेड़खानी को लेकर शुरू हुई कहासुनी से बढ़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। बार के भीतर बाउंसरों ने हस्तक्षेप कर दोनों गुटों को बाहर निकाल दिया।
PCR वैन से खींचकर धारदार हथियार से हमला
इसके बाद हालात और बिगड़ गये और बाहर सड़क पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने पीसीआर वैन से दो युवकों, हिमांशु और प्रत्यूष, को बाहर खींचकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये और उनका इलाज टीएमएच तथा कोलकाता के एक अस्पताल में चल रहा है।सीसीटीवी फुटेज वायरल
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया, जिसमें मारपीट और चाकूबाजी की पूरी वारदात कैद होने का दावा किया जा रहा है। फुटेज के वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। इसमें पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमले की बात सामने आ रही है, जिस पर पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना में घायल दोनों युवक करणी सेना से जुड़े बताये जा रहे हैं। इसी को लेकर संगठन के सदस्यों में रोष है। सोमवार को करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली और शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। संगठन ने पुलिस कर्मियों की भूमिका और कार्रवाई पर भी सवाल उठाये हैं। इधर, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जायेगी।

Tags - Jamshedpur News Bistupur BJP Crime News Karni Sena