logo

पलामू में बाइक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, 2 की दर्दनाक मौत; 4 घायल

accident_new.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत डालटनगंज-पांकी रोड पर कोनवाई के पिपरा के पास बीते रविवार एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, पांकी के नुरू निवासी भरत साव और ब्यास यादव अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो में सवार चार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई जिसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने भरत साव और ब्यास यादव को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो पर सरकारी क्षेत्र की एक संचार कंपनी से जुड़े लोग सवार थे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news palamu news palamu khabar palamu update road accident news