logo

महिला सुपरवाइजर की धारदार हथियार से हत्या, भाग रहे प्रेमी को भीड़ ने दबोचा

महिला सुपरवाइजर की धारदार हथियार से हत्या, भाग रहे प्रेमी को भीड़ ने दबोचा

पश्चिमी सिंहभूम:

पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर स्थित शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी (वार्ड-7) स्थित एक मकान में गुरुवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आयी। सोनुवा प्रखंड में पदस्थापित महिला पर्यवेक्षिका (लेडी सुपरवाइजर) अनीता बिंद की उनके किराये के कमरे में धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी गयी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे कथित प्रेमी को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर धर दबोचा और पुलिस को सौंप दिया।

यूपी के मिर्जापुर की रहने वाली थी अनीता बिंद
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की निवासी अनीता बिंद करीब 15 दिन पहले ही संजय साव के मकान में किराये पर रहने आयी थीं। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे उत्तर प्रदेश का ही रहने वाला अनिल कुमार उनसे मिलने पहुंचा था। कमरे के भीतर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके कुछ ही देर बाद मकान की ऊपरी मंजिल से अनीता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहम गये। पड़ोसी जब तक कुछ समझ पाते, अनिल कमरे से निकलकर तेजी से भागने लगा। अनहोनी की आशंका पर स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखायी और पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

इधर, कमरे में पहुंचे लोगों के अनीता को देखकर होश उड़ गये। अनीता खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी और उनके शरीर पर धारदार हथियार के कई गहरे जख्म थे।

मृतका के प्रेमी से पूछताछ में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस हिरासत में आरोपी अनिल ने खुद को मृतका का प्रेमी बताया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और वारदात के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Tags - Jharkhand NewsChakradharpurWomen Supervisor MurderKillingCrime