logo

सरायकेला में महिला होमगार्ड जवान की गोली मारकर हत्या, तफ्तीश में जुटी पुलिस

HOME_GUARD.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सरायकेला-खरसावां जिला के कुचाई थाना अंतर्गत CRPF कैंप के पास शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक महिला होमगार्ड जवान को गोली मार दी। महिला को आनन-फानन में कुचाई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान नम्रता सामड के रूप में हुई। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। इसके साथ ही महिला होमगार्ड जवान के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही मामले की तफ्तीश में जुट गई।

घर पर चलाती थी ब्यूटी पार्लर और सिलाई कटाई सेंटर

जानकारी के मुताबिक महिला होमगार्ड जवान अपना भरण-पोषण करने के लिए अपने घर पर ही ब्यूटी पार्लर, सिलाई कटाई सेंटर और स्टेशनरी की दुकान चलाती थी। मृतका की छोटी बहन ने बताया कि बीती रात गांव में पार्टी चलने के वजह से गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी। जब रात 9:00 बजे के आसपास घर पहुंचा तो देखा की उसकी बहन खून से लथपथ पड़ी है। जिसे फौरन उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आया। लेकिन, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की बहन ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। साथ ही बताया कि इस दौरान पुलिस को घटनास्थल से देसी कट्टा मिला।वहीं, सूत्रों के मुताबिक पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच में जुटी है।

भाजपा जिला अध्य़क्ष ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने की दी चेतावनी

इधर घटना की सूचना पर शनिवार सुबह भाजपा जिला अध्यक्ष विजय महतो,जिला परिषद जिग्गी हेंब्रम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जोरदार विरोध विरोध किया जाएगा। साथ ही कहा कि जरूरत पड़ी तो कुचाई बाजार को बंद भी कराया जाएगा।

  

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT