logo

चोरी करते रंगेहाथ पकड़े गए बेटे के जेल जाने से टूटे पिता ने की आत्महत्या 

HBAGH0320.jpg

हजारीबाग 

हजारीबाग के झंडा चौक निवासी मो. वकील ने उस वक्त फांसी लगाकर जान दे दी, जब उनके बेटे अल्ताफ को चोरी के मामले में जेल भेजा गया। यह घटना 25 जुलाई की रात की है। बताया गया है कि 24 जुलाई को अल्ताफ को सुंदरी मार्केट में एक महिला के पर्स से 1500 रुपए निकालते रंगेहाथ पकड़ा गया था। महिला के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और अगले दिन यानी 25 जुलाई को उसे जेल भेज दिया।

बेटे की गिरफ्तारी से आहत मो. वकील ने रात को अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया और फांसी लगा ली। परिजनों ने बताया कि बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, झांक कर देखने पर पता चला कि उन्होंने फांसी लगा ली है। तुरंत दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा गया और मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद 26 जुलाई की रात करीब 10 बजे परिजन और मोहल्ले के लोग थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मृतक के बेटे मो. रुमान ने ऑन ड्यूटी पुलिस पदाधिकारी रमेश हज्जाम पर गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि अल्ताफ को जेल नहीं भेजने के बदले 25 हजार रुपए की मांग की गई थी। जब परिवार ने पैसे नहीं दिए तो प्रताड़ित किया गया और बाद में दो हजार रुपए लेकर मोबाइल लौटाने की बात कही गई।

थाने में इस संबंध में लिखित आवेदन दिया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों की ओर से ऐसे किसी आरोप का जिक्र नहीं किया गया था। डीएसपी मुख्यालय अमित कुमार ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और हर पहलू को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अल्ताफ को सुंदरी मार्केट में एक महिला के पर्स से रुपए निकालते पकड़ा गया था। पुलिस पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार की और महिला की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा गया।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest