logo

पलामू में आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र की मौत, एक महिला गंभीर घायल

WhatsApp_Image_2026-07-22_at_9_53_46_AM1.jpeg

पलामू 
पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत पुरसोतमपुर गांव में मंगलवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। वज्रपात की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। 
बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पुरसोतमपुर निवासी बालमुकुंद यादव अपने पुत्र दिलीप यादव के साथ मंगलवार शाम तेतराई बाजार से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने लगी। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने के दौरान दोनों कोई वज्रपात की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इसी घटना के दौरान गांव की एक महिला भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पांकी थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मुआवजे की मांग, जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख
घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत शीघ्र मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी रफीक अंसारी और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिंह सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

Tags - Palamu Lightning Strike Jharkhand News Weather Update Breaking News