द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JSSC CGL की परीक्षा में कथित धांधली के आरोपों की जांच में जुटी CID ने मंगलवार को 2 और युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों की गिरफ्तारी कोडरमा से हुई है। आरंभिक जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार युवकों में एक मशहूर यूट्यूबर और दूसरा सामाजिक ट्रस्ट का संचालक है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश प्रसाद यादव और संदीप कुमार के रूप में हुई है। CID ने इन्हें पहले हिरासत में लिया था और लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पूर्व में हिरासत में लिए गए आरोपियों से मिला सुराग
दरअसल, इस केस की जांच के दौरान पूर्व में हिरासत में लिए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ में संदीप कुमार और राजेश कुमार यादव की संलिप्तता के संकेत मिले थे। इस सूचना के आधार पर CID की टीम ने कोडरमा के डोमचांच और पूर्णानगर में कई ठिकानों पर छापा मारा। छापेमारी के क्रम में गोलवाढाब से राजेश प्रसाद यादव और पूर्णानगर से संदीप कुमार को हिरासत में लिया। 3 दिन तक CID मुख्यालय में लंबी पूछताछ के बाद मंगलवार को दोनों को औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया। अब उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड मांगी जायेगी।
.jpeg)
संदीप कुमार और राजेश कुमार यादव गहरे दोस्त हैं
राजेश कुमार यादव और संदीप कुमार आपस में गहरे दोस्त हैं। CID की SIT ने अब इस बात की पड़ताल शुरू कर दी है कि JSSC CGL परीक्षा से जुड़े विवाद और फर्जीवाड़े में दोनों की क्या भूमिका थी। इनकी संलिप्तता धांधली में कहां तक थी। CID यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि इनके जरिए गिरोह में और कौन लोग जुड़े हैं। गौरतलब है कि JSSC CGL धांधली मामले में सीआईडी ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें किंगपिन अभय कुमार तिवारी, उसका भाई अक्षय तिवारी और पत्नी सुषमा कुमारी शामिल है। तीनों ने जमानत की अर्जी लगाई है।