द फॉलोअप डेस्क
पाकिस्तानी मूल के कनाडाई लेखक और पत्रकार तारिक फतेह का 73 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया। कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद आखिरकार वे जिंदगी की जंग हार गए। तारिक फतेह के निधन की जानकारी उनकी बेटी नताशा ने ट्वीट कर दी। लिखा- पंजाब के शेर, हिन्दुस्तान के बेटे, कनाडा के प्रेमी, सत्य के वक्ता और न्याय के योद्धा का निधन हो गया है। उनकी क्रांति उन लोगों के जरिए बनी रहेगी, जो उन्हें जानते थे और प्यार करते थे। बताते चलें कि तारिक फतेह का जन्म 1949 में कराची में हुआ था। मगर उनका लगाव भारत के साथ कुछ ज्यादा ही रहा। वे खुद को हिंदुस्तान का बेटा बताते थे।

धार्मिक कट्टरता के खिलाफ रहे
तारिक फतेह को अपनी बात मुखरता के साथ रखने के लिए जाना जाता था। आतंकवाद और पाकिस्तान को लेकर दिए गए अपने बयानों को लेकर वे अक्सर चर्चा में रहते थे। वहीं, धार्मिक कट्टरता के खिलाफ रहे तारिक फतेह भारतीय संस्कृति के मुरीद थे। इस कारण पाकिस्तान हमेशा बौखलाया रहता था। मुखरता के साथ अपनी राय रखने के कारण उन्हें पाकिस्तान में खतरा लगने लगा था जिसके बाद 1987 में उन्होंने कनाडा का रुख कर लिया। तब से वे वहीं के होकर रह गए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT