द फॉलोअप डेस्क
इलाज के लिए मरीज को अस्पताल ले जा रहा एक परिवार बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। ओडिशा के चंपुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (एनएच-20) पर तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैंतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सिजुकला गांव का एक परिवार मरीज को इलाज के लिए लेकर जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा के रजिया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और थार सीधे सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही चंपुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा कारण
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आवागमन को सामान्य करा दिया। मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।