logo

फर्जी जॉइनिंग लेटर लेकर समाहरणालय पहुंचा युवक गिरफ्तार, डीसी के जाली हस्ताक्षर और मुहर का खुलासा

ीोरोक.jpg

दीपक झा/जामताड़ा
जामताड़ा समाहरणालय में क्लर्क की नौकरी ज्वाइन करने पहुंचे एक युवक को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी युवक की पहचान गिरिडीह जिले के देवरी गांव निवासी रजाक अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद ससुर अख्तर अंसारी को भी हिरासत में लिया है। दोनों से जामताड़ा थाना में पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि रजाक अंसारी अपने ससुर के साथ समाहरणालय में क्लर्क पद पर योगदान देने पहुंचा था, जहां दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ। जब संबंधित विभाग के अधिकारियों ने युवक द्वारा जमा किए गए कागजातों की जांच की तो वे हैरान रह गए। जांच में जॉइनिंग लेटर पर जामताड़ा उपायुक्त (डीसी) के फर्जी हस्ताक्षर और जाली मुहर पाए गए। इसके अलावा आधार कार्ड और अन्य शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में भी कई तरह की विसंगतियां सामने आईं। दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।

समाहरणालय परिसर से ही दबोचे गए आरोपी

सूचना मिलने के बाद जामताड़ा के कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ समाहरणालय पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रजाक अंसारी और उसके ससुर अख्तर अंसारी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। दोनों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया, जहां उनसे फर्जी नियुक्ति पत्र और दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

जालसाजी के बड़े रैकेट की आशंका, जांच तेज

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में युवक द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी जॉइनिंग लेटर किसने तैयार किया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी तरह का पैसों का लेन-देन हुआ है या नहीं। पुलिस का मानना है कि मामले की गहन जांच में जालसाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

Tags - Jharkhand Jamtara Crime Fraud Police