द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के टंडवा और मगध-आम्रपाली कोयलांचल क्षेत्र में उग्रवादियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (TSPC) के हथियारबंद दस्ते ने एनसीसी कंपनी के करोड़ों रुपये मूल्य के वोल्वो हाइवा को आग के हवाले कर दिया।.jpeg)
यह घटना टंडवा थाना क्षेत्र के कुमरांग खुर्द चौपाल के पास शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुई। करीब 5 से 6 नकाबपोश अपराधी सादे लिबास में वहां पहुंचे और बंदूक की नोक पर हाइवा चालक को नीचे उतार दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर उसे फूंक दिया गया।.jpeg)
इस वारदात की पटकथा एक सप्ताह पहले ही तैयार हो गई थी। टीएसपीसी प्रवक्ता कर्मवीर ने एक विज्ञप्ति जारी कर कई कंपनियों के अधिकारियों को नामजद चेतावनी दी थी। संगठन ने स्पष्ट रूप से 'लेवी' (रंगदारी) के लिए वार्ता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
हैरानी की बात यह है कि एनसीसी कंपनी के जीएम ने एक सप्ताह पहले ही पुलिस को इस संभावित खतरे की सूचना दे दी थी। सुरक्षा की मांग और खतरे की पूर्व जानकारी के बावजूद उग्रवादी इस घटना को अंजाम देने में सफल रहे, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।.jpeg)
फिलहाल चतरा पुलिस इसे सीधे तौर पर उग्रवादी घटना कहने से बच रही है और जांच की बात कह रही है। हालांकि, एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इस आगजनी के बाद कोयलांचल में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भारी दहशत है। लेवी के इस खूनी खेल में सॉफ्ट टारगेट बन रहे कर्मचारी अब माइनिंग साइट पर जाने से डर रहे हैं, जिससे कोल परियोजनाओं का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।