द फॉलोअप डेस्क
गर्मी की तपिश से लोग परेशान हैं। सुबह 9 बजे के बाद ही गर्मी इतनी तेज हो जा रही कि लोग घरों में कैद होने पर विवश हो जा रहे हैं। दिन के 11 बजते-बजते तो सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। कड़ी धूप व लू की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने झारखंड के स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। इस बीच मौसम केंद्र रांची ने कल से गर्मी में कमी आने की उम्मीद जताई है। मतलब लोगों को लू यानी हीटवेव से राहत मिल सकती है। मौसक विभाग के अनुसार 21 अप्रैल से लेकर 26 अप्रैल तक मौसम करवट ले सकता है। गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। कई जगह वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। इधर, 20 अप्रैल को उत्तर पूर्वी और दक्षिणी पूर्वी में कहीं–कहीं लू की स्थिति देखे जाने की बात मौसम केंद्र रांची ने कही है। वहीं, राज्य के पश्चिमी व निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं, गर्जन-वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।

अधिकतम तापमान में आएगी कमी, गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम केंद्र के अनुसार मौसम के करवट लेने से तापमान में गिरावट आएगी। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम पूर्वानुमान के तहत रांची व आसपास के इलाकों में 20 अप्रैल को आंशिक बादल से साथ गर्जन वाले बादल बनने की उम्मीद है। हालांकि, अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहने की उम्मीद जताई गई है। लेकिन इसके अगले ही दिन से यानी मौसम करवट लेने के साथ ही पारा करीब 4 डिग्री तक गिरने की बात भी पूर्वानुमान में कही गई है। मतलब अगले तीन दिनों तक रांची में पारा 36 डिग्री पर रहेगा। ऐसे में लोगों को लू व गर्मी से राहत मिलेगी।

खुद को रखें हाइड्रेट, जरूरत न हो तो घर से न निकलें
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को गर्मी से बचने की सलाह दी है। कहा, सर्तकता बरतें। लू से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की नसीहत दी गई है। कहा गया है कि प्यास ना लगने पर भी पानी पियें। खुद को हाइड्रेट रखें। ओआरएस, घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी और छाछ आदि का प्रयोग करें। गर्मी के संपर्क में आने से बचें। हल्के, हल्के रंग के, ढीले, सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छतरी आदि से ढक कर ही धूप में निकले। वहीं, दिन के 11 बजे से लेकर 4 बजे तक घर से बाहर निकलने में परहेज बरतने कहा गया है। मौसम केंद्र की ओर से कहा गया कि जरूरत न हो तो इस समय घर से बाहर बिल्कुल न निकलें। अगर निकलना भी पड़े तो पूरी सावधानी बरतते हुए ही बाहर निकलें।

सावधान रहने की अपील
मौसम के बदलते मिजाज को लेकर मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क और सावधान रहें। गर्जन वाले बादल व वज्रपात की संभावना को देखते हुए कहा गया है कि सुरक्षित स्थान में शरण लें। पेड़ के नीचे न रहें। बिजली के खंभों से भी दूर रहने की नसीहत मौसम विभाग ने दी। इसके अलावा लोगों से कहा गया है कि गर्जन-वज्रपात के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से भी दूर रहें।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT