logo

गिरिडीह में उत्पाद विभाग का अभियान तेज, 9000 किलो जावा महुआ नष्ट, अवैध शराब निर्माण पर कड़ा एक्शन

giri_MAHUA.jpg

गिरिडीह 

गिरिडीह जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार के निर्देश पर उत्पाद विभाग एवं मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने गडरमा और जोभी गांव में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध महुआ शराब बरामद की गई। छापेमारी के दौरान शराब कारोबारियों द्वारा घरों में छिपाकर रखे गए लगभग 9,000 किलोग्राम जावा महुआ तथा 400 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब को जब्त किया गया। टीम के पहुंचते ही अधिकांश शराब कारोबारी मौके से फरार हो गए। उत्पाद विभाग ने संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया है।

अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी

उत्पाद विभाग द्वारा एक दिन पूर्व 18 जून को जमुआ थाना क्षेत्र के छकनाडीह, खरीडीह और खरगडीहा गांवों में भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इस कार्रवाई में अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 1,500 किलोग्राम जावा महुआ और 160 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई थी। संबंधित शराब कारोबारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग की ओर से अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम एवं लक्ष्मण महतो के नेतृत्व में गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे। वहीं मुफ्फसिल थाना की टीम का नेतृत्व अवर निरीक्षक संजय कुमार ने किया। दल में अवर निरीक्षक प्रियनन, विवेक कुमार तथा अन्य पुलिस बल के जवान भी शामिल रहे।

Tags - Illegal Liquor Manufacturing Excise Department Jharkhand Distillery Raid Police Excise Joint Team Alcohol Smuggling Network