logo

छात्रों के सवाल : अंतिम समय में कर दी गयी परीक्षाएं रद्द और स्थगित, अब कोई तो बताए कब होगी या होगी भी कि नहीं

jpsc-jssc.jpg


द फॉलोअप, रांची
JSSC-JPSC द्वारा कई परीक्षाओं को अंतिम समय में या तो रद्द कर दिया गया है या स्थगित कर दी गयी है। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्र परेशान हो उठे हैं। वे पूरी तरह शून्य में चले गए हैं। उदाहरण के रूप में जेएसएससी ने पिछले दिनों आशुलिपिक प्रतियोगिता परीक्षा को अंतिम समय में रद्द कर दिया। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने जेएसएससी से अधियाचना वापस ले ली। अर्थात परीक्षा रद्द हो गयी। इसी तरह शुक्रवार को कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने फिर जेएसएससी से निम्न वर्गीय लिपिक- JIS CKHT प्रतियोगी परीक्षा की अधियाचना वापस करने का आदेश जारी कर दिया है। यहां मालूम हो कि पूर्व में विज्ञाप्ति इस प्रतियोगी परीक्षा में कुल 863 पदों पर नियुक्ति होनी थी। पहली बार 2022 में इसका विज्ञापन निकला था। 2023 और 2024 में फिर संशोधित रूप से छात्रों से इस परीक्षा के लिए फॉर्म भरवाए गए। तीन लाख से अधिक छात्रों ने इस प्रतियोगी परीक्षा के लिए फॉर्म भरा था। वे पिछले चार साल से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। 2025 में जेएसएससी का एग्जाम कैलेंडर जारी हुआ। उसमें अगस्त 2026 में लिखित परीक्षा संभावित थी। दिसंबर 2026 में इसके परीक्षाफल के प्रकाशन की बात कही गयी थी। अचानक अब इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।


इससे पहले 14 वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को लेकर उत्पन्न हुए विवाद और भ्रष्टाचार के आरोप के बाद 9 प्रतियोगी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। सीआईडी 14 वीं जेपीएससी की परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की जांच कर रहा है। फिलहाल वह पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते, उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता व टीडीपीएल के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा आरोपी गैंगेस्टरों से पूछताछ कर रही है। जांच लंबा खींच सकती है। इधर जेपीएससी चेयरमैन विहीन है। जेएसएससी में स्थायी अध्क्ष नहीं है। पूरी तरह उहापोह की स्थिति है। उपरोक्त लगभग 11-12 प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन, स्थगन या रद्द किए जाने को लेकर संशय की स्थिति है। इससे राज्य के लगभग 10 लाख से अधिक छात्र सीधे तौर पर प्रभावित हैं। लेकिन इन छात्रों की आशंका को दूर करने वाला कोई नहीं है। न जेपीएससी और ना ही जेएसएससी, या फिर सरकार के शीर्ष स्तर पर यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि परीक्षाएं कब होंगी। होंगी भी या नहीं। कौन सी परीक्षा स्थगित होगी। कौन सी परीक्षा रद्द होंगी। हालांकि प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर छात्र राजधानी के जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलरत हैं। लेकिन उनकी मूल आशंका का निदान नहीं हो रहा है। 


अंतिम समय में JSSC द्वारा रद्द होने वाली परीक्षाएं
आशुलिपिक प्रतियोगिता परीक्षा
अब रद्द होने जा रही JIS CKHT प्रतियोगी परीक्षा

JPSC द्वारा स्थगित की गयी परीक्षाएं
झारखंड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025
झारखंड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य (लिखित) बैकलॉग परीक्षा-2025
झारखंड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य (लिखित) बैकलॉग परीक्षा-2023
सिविल जज (जूनियर डिवीजन) लिखित परीक्षा
असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (बैकलॉग) लिखित परीक्षा
इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज (विज्ञापन संख्या 01/2025) लिखित परीक्षा
प्रोजेक्ट मैनेजर लिखित परीक्षा
असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (रेगुलर) लिखित परीक्षा
बॉयलर इंस्पेक्टर (विज्ञापन संख्या 02/2025) लिखित परीक्षा


 

Tags - JPSC JSSC cancelled exams postponed when will they be held who will say