द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े चेन छिनताई की वारदात को अंजाम दिया। लिंक रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे पूर्व फुटबॉलर रामदेव सिंह को बाइक पर आये नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर रोक लिया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गये।
प्रत्यक्षदर्शी मॉर्निंग वॉकर एसएल दास के मुताबिक, रामदेव सिंह रोज की तरह टहल रहे थे कि अचानक तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे दो युवक उनके पास आये। उन्होंने पिस्टल लहराई और चेन छीनकर मौके से भाग निकले। घटना इतनी तेजी से घटी कि आसपास टहल रहे लोग कुछ समझ ही नहीं पाये। लोगों ने शोर मचाकर अपराधियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हथियार लहराते हुए वे निकल भागे। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
इधर, सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की नाकेबंदी कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। इसपर मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गये है कि अब सुबह-सुबह टहलना भी असुरक्षित हो गया है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त तेज करने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
