द फॉलोअप डेस्क, पाकुड़:
Pakur Ration Shop Robbery Case:झारखंड के पाकुड़ जिले में राशन दुकान में लूट की कोशिश के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एतवारी हेम्ब्रम उर्फ नरेश दा उर्फ टिंपु सोरेन और लालू कुमार उर्फ लालू राय शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, एतवारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 11 पुराने मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई है। वह करीब 10 साल पहले दुमका जेल में सजा काट चुका है।
हालांकि, उसकी पूर्व सजा और पुराने मामलों की मौजूदा कानूनी स्थिति की पुष्टि आधिकारिक न्यायिक रिकॉर्ड से होना बाकी है। पुलिस के अनुसार यह मामला पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी गांव का है, जहां 2 अक्टूबर को एक राशन दुकान में लूट की कोशिश की गई थी। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
.jpeg)
वाहन जांच के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि महुलपहाड़ी लूटकांड से जुड़े दो संदिग्ध गुम्मा मोड़ और डुमरघटी की ओर से पाकुड़िया आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पातपहाड़ी के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान लाल रंग की अपाची बाइक पर सवार दो युवक पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान एतवारी हेम्ब्रम और लालू कुमार के रूप में हुई। एतवारी गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सतकटिया गांव का निवासी है, जबकि लालू कुमार दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के हरिणसिंगा गांव का रहने वाला बताया गया है।
कट्टा, कारतूस और चाकू बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से हथियार और अन्य सामान मिले। पुलिस के मुताबिक, एतवारी के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, मोबाइल फोन और पीठू बैग बरामद किया गया। वहीं, लालू कुमार के पास से एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लोहे का चाकू मिला। पुलिस ने बिना नंबर की अपाची बाइक भी जब्त की है। कुल बरामद सामान में एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक लोहे का चाकू, एक बैग और एक बाइक शामिल हैं।
पुलिस का दावा है कि बरामद बैग का इस्तेमाल महुलपहाड़ी की घटना में किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, एतवारी हेम्ब्रम के खिलाफ अमड़ापाड़ा, गोपीकांदर, रामगढ़, शिकारीपाड़ा, काठीकुंड और सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्रों में कुल 11 पुराने मामलों का उल्लेख है। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। वहीं, लालू कुमार के खिलाफ शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में तीन पुराने मामलों का जिक्र पुलिस रिकॉर्ड में किया गया है।

पहले भी जेल जा चूका है एतवारी
एतवारी करीब एक दशक पहले दुमका जेल में सजा काट चुका है और उसके खिलाफ कई मामलों में ट्रायल चलने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस संबंध में न्यायालय के रिकॉर्ड से स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है। किसी मामले में नाम दर्ज होना अपने आप में दोषी साबित होना नहीं है। फिलहाल, महुलपहाड़ी राशन दुकान लूटकांड में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके पास से हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुराने आपराधिक मामलों और वर्तमान कांड में उनकी भूमिका का आकलन संबंधित साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।