logo

आदित्यपुर में पुलिस का सघन पैदल मार्च, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

ADITYAPUR_police.jpg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने पैदल मार्च किया। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर आम लोगों से सीधे संवाद किया। आदित्यपुर थाने की पुलिस ने मंगलवार को मुस्लिम बस्ती, एस-टाइप कॉलोनी, फुटबॉल मैदान सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पैदल मार्च की। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से मुलाकात कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध संबंधी गतिविधियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।

असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर

पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से सकारात्मक कदम बताया। इस दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पैदल मार्च का उद्देश्य केवल अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है, तथा आगे भी थाना क्षेत्र में नियमित रूप से इस प्रकार के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Tags - Jharkhand Police Flag March Law and Order Police Patrol